
कौशांबी। कड़ा विकासखंड क्षेत्र के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग में एसआईआर से संबंधित नोटिस प्राप्त मतदाताओं की सुनवाई के लिए गुरुवार को विशेष कैंप आयोजित किया गया। कैंप में बड़ी संख्या में मतदाता पहुंचे, जहां अधिकारियों ने उनकी आपत्तियों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक दस्तावेजों का परीक्षण किया।
खंड विकास अधिकारी कड़ा अखिलेश कुमार दुबे, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी विकास शर्मा और लिपिक प्रवीण शर्मा ने बीएलओ के साथ मिलकर मामलों की जांच की। बीएलओ अजय कुमार साहू ने बताया कि लगभग 200 नोटिस प्राप्त मतदाता सुनवाई के लिए उपस्थित हुए थे। इनमें से 56 मतदाताओं ने सभी आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत किए, जिनकी आपत्तियों का निस्तारण करते हुए पोर्टल पर मैपिंग और अपलोड की प्रक्रिया पूर्ण कर दी गई।

शेष मतदाताओं के दस्तावेज अधूरे पाए गए। उन्हें आवश्यक अभिलेखों के साथ पुनः उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रक्रिया पूरी की जा सके। कैंप के दौरान ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं प्रधान प्रतिनिधियों की ओर से परिवार रजिस्टर की नकल भी मौके पर उपलब्ध कराई गई, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।
अधिकारियों ने सभी मतदाताओं से समय रहते दस्तावेज पूर्ण करने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कैंप में प्रधान पति रामराज, प्रधान प्रतिनिधि रोहण शर्मा सहित अन्य कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।http://kaushambiexpressnews