कौशाम्बी। जनपद के मंझनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलरहा चौराहे के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। ट्रॉली पर सवार दो नाबालिग किशोर इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में निर्धारित क्षमता से अधिक ईंटें लादी गई थीं। मोड़ पर पहुंचते ही चालक वाहन पर संतुलन नहीं रख सका और ट्रॉली पलट गई। हादसे के समय ट्रॉली पर दो नाबालिग किशोर भी सवार थे, जो ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने जा रहे थे। ट्रॉली पलटते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर ट्रॉली के नीचे दबे किशोरों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि दोनों को गंभीर चोट नहीं आई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सुरक्षित घर भेज दिया गया।
घटना के बाद क्षेत्र में बाल श्रम को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र के ईंट भट्ठों पर खुलेआम नाबालिगों से मजदूरी कराई जा रही है, जो कानूनन अपराध है। ट्रॉली पर नाबालिगों की मौजूदगी ने प्रशासनिक निगरानी और श्रम विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीणों ने मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, साथ ही बाल श्रम पर प्रभावी रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जाए। घटना के बाद पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है।
हालांकि इस संबंध में पुलिस या प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
