- कौशांबी। जनपद के कोखराज थाना क्षेत्र अंतर्गत शहजादपुर चौकी के ननमई गांव के सामने सिक्स लेन हाईवे पर एक गोवंश की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सामाजिक संगठनों व पुलिस प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था सुनिश्चित की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के जिला विद्यार्थी संपर्क प्रमुख आशीष चौरसिया ने घटना की सूचना तत्काल शहजादपुर चौकी प्रभारी सत्य प्रताप सिंह को दी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सत्य प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ कांस्टेबल जितेंद्र मिश्रा भी मौजूद रहे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जेसीबी मशीन की सहायता से विधि-विधान के साथ गोवंश का सम्मानजनक अंतिम संस्कार कराया।
इस दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। प्रशासन और सामाजिक संगठनों के समन्वय से कार्य समयबद्ध ढंग से संपन्न हुआ, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया।
स्थानीय लोगों ने आशीष चौरसिया, चौकी इंचार्ज सत्य प्रताप सिंह तथा कांस्टेबल जितेंद्र मिश्रा की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना की। यह घटना प्रशासन और सामाजिक संगठनों के बेहतर तालमेल का उदाहरण बनकर सामने आई।