Home » अंतर्राष्ट्रीय » उत्तर प्रदेश » जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल में सुनीं समस्याएं, फरवरी तक संपर्क मार्ग मरम्मत के निर्देश

जिलाधिकारी ने ग्राम चौपाल में सुनीं समस्याएं, फरवरी तक संपर्क मार्ग मरम्मत के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कौशांबी। “गांव की समस्या, गांव में समाधान” अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने विकास खण्ड सिराथू के ग्राम रघुनाथपुर में ग्राम चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता को ग्राम तक आने वाले संपर्क मार्ग की मरम्मत फरवरी माह तक पूर्ण कराने के निर्देश दिए। लघु सिंचाई विभाग को प्राथमिक विद्यालय में 19 पैरामीटर के अंतर्गत कराए गए कार्यों, निपुण तालिका, साफ-सफाई एवं डीबीटी का सत्यापन कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
उन्होंने बीएमएम एवं खंड विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम की महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार हेतु प्रोत्साहित किया जाए। विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने ग्रामीणों से पेंशन, राशन, शौचालय, कन्या सुमंगला योजना, आवास और पुष्टाहार की उपलब्धता की जानकारी ली तथा छूटे पात्र लाभार्थियों को शीघ्र लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
विद्यालय की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने अध्यापकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और पाठ्य-पुस्तक वितरण की स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि शिक्षण कार्य नियमित रूप से हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने पशु चिकित्साधिकारी को पशुओं के नियमित टीकाकरण के निर्देश दिए तथा खंड विकास अधिकारी को सभी हैंडपंपों की क्रियाशीलता सुनिश्चित कराने को कहा। इस अवसर पर आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन कार्यक्रम संपन्न कराया गया।
मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे में ग्राम के 132 लोग पात्र पाए गए हैं, जिन्हें शीघ्र ही लाभ प्रदान किया जाएगा।
ग्रामवासियों ने जल-जीवन मिशन के तहत दिन में एक बार पानी आने की शिकायत की, जिस पर जिलाधिकारी ने जल निगम के सहायक अभियंता को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारी को सत्यापन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि फरवरी माह तक पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे और ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

Kaushambi Express News
Author: Kaushambi Express News

7054888051

और पढ़ें