
कुंडा/प्रतापगढ़। महाशिवरात्रि व्रत के पावन अवसर पर जनपद कुंडा के शाहपुर उपहार स्थित प्रसिद्ध हौदेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा। दूर-दराज क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भक्त भगवान शिव के दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र भक्तों की भीड़ से खचाखच भरा रहा। परंपरा के अनुसार श्रद्धालुओं ने प्रातःकाल गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया, तत्पश्चात मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और बेलपत्र अर्पित कर भगवान भोलेनाथ की आराधना की। हर-हर महादेव के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।कौशाम्बी, फतेहपुर, लखनऊ, बरेली और चित्रकूट सहित विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और शांति की कामना की।

मेले के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर में पुलिस बल तैनात रहा तथा भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई। मंदिर समिति द्वारा प्रसाद वितरण, पेयजल और सुव्यवस्थित कतार प्रणाली की समुचित व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।श्रद्धालुओं का मानना है कि महाशिवरात्रि के दिन सच्चे मन से की गई पूजा और जलाभिषेक अवश्य फलदायी होता है।