
कौशाम्बी एक्सप्रेस से रवि पंडा की खास रिपोर्ट।
रविवार को कड़ा धाम के कालेश्वर घाट स्थित महाकालेश्वर नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही भक्त मां गंगा में स्नान-दान कर मंदिर की ओर बढ़ते नजर आए। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने भगवान महाकालेश्वर नाथ पर विधि-विधान से जलाभिषेक किया और सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।भारी भीड़ के चलते मंदिर परिसर में भक्तों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मान्यता है कि जो भी श्रद्धालु सच्चे मन से महाकालेश्वर नाथ जी पर जलाभिषेक करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के साथ दूर-दराज से आए श्रद्धालु भगवान के दर पर नतमस्तक हुए।

महाकालेश्वर नाथ मंदिर में दर्शन के उपरांत श्रद्धालु 51 शक्तिपीठ कड़ा धाम पहुंचे, जहां उन्होंने मां शीतला के दर्शन-पूजन कर अपने परिवार की खुशहाली की कामना की।भीड़ को देखते हुए कड़ा धाम थाना प्रभारी त्रिलोकीनाथ नाथ मय फोर्स समय-समय पर मेले एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।आस्था, विश्वास और भक्ति के इस पावन संगम में कड़ा धाम एक बार फिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहा।