
📍 कौशाम्बी जनपद में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज रफ्तार वाहनों की वजह से आए दिन किसी न किसी परिवार का चिराग बुझ रहा है। ताजा मामला कोखराज थाना क्षेत्र के मलाक भायल गांव के समीप सिक्स लेन हाईवे का है, जहां एक बुज़ुर्ग की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बुज़ुर्ग मूल रूप से बिहार के निवासी बताए जा रहे हैं। वह कौशाम्बी जिले के गांव करेंटी में अपने एक मित्र से मिलने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मलाक भायल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुज़ुर्ग की मौके पर ही मृत्यु हो गई।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों को सूचना दे दी गई है।लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और नियमित चेकिंग की व्यवस्था न होने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से स्पीड कंट्रोल, सख्त यातायात निगरानी और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।अब देखना यह है कि प्रशासन इन लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।