
कौशाम्बी। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित ईंट भट्ठों पर नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कई भट्ठों पर बाल मजदूरी खुलेआम कराई जा रही है, बावजूद इसके संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद में बाल श्रम का कारोबार जोर पकड़ रहा है। सोशल मीडिया पर कई वीडियो भी वायरल हुए हैं, जिनमें कम उम्र के बच्चे ईंट ढोते और भट्ठों पर काम करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई सख्त कदम न उठाए जाने से विभाग की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार, कुछ भट्ठा संचालकों को श्रम विभाग का खुला संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते कार्रवाई नहीं हो पा रही है। सामाजिक संगठनों ने आरोप लगाया है कि विभागीय मिलीभगत के कारण नाबालिग बच्चों से मजदूरी कराई जा रही है, जो कानूनन अपराध है।ज्ञात हो कि बाल श्रम (प्रतिषेध एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नाबालिग बच्चों से खतरनाक उद्योगों में काम कराना दंडनीय अपराध है। इसके बावजूद यदि ईंट भट्ठों पर बच्चों से कार्य लिया जा रहा है तो यह कानून की खुली अवहेलना है।स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी भट्ठा संचालकों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अब देखना यह होगा कि प्रशासन वायरल वीडियो और जन आक्रोश को कितनी गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाता है।