कौशाम्बी। जनपद के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया और अपनी दो नाबालिग बेटियों को भी वही पदार्थ खिला दिया। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार महिला का अपने देवर से रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते महिला ने आक्रोश व मानसिक तनाव में आकर यह कदम उठाया। जहरीला पदार्थ खाने के कुछ ही देर बाद महिला और दोनों बच्चियों की हालत बिगड़ने लगी।
परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल तीनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया गया। समय पर इलाज मिलने से तीनों की जान बच गई और फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि पारिवारिक विवादों को समय रहते सुलझाया जाए, ताकि इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
