
फतेहपुर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में राजपत्रित अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण, प्रभावी पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए और पुलिस की कार्यप्रणाली पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए।एसपी अभिमन्यु मांगलिक की पहचान एक सख्त और तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में की जाती है। अपने पुलिस करियर में उन्होंने 41 से अधिक एनकाउंटर में अहम भूमिका निभाई है। उनकी रणनीतिक कार्यशैली और सख्त पुलिसिंग के कारण कई कुख्यात अपराधियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने में ही अपनी भलाई समझी।बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित गश्त बढ़ाई जाए और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। साथ ही अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आम जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।